चांदी 74,500 के पार
कच्चे तेल में तेजी से सेंसेक्स 551 अंक टूटा, 2.41 लाख करोड़ डूबे
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी व वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को करीब एक फीसदी की गिरावट आई। बैंक, वित्तीय सेवाएं और ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई। सेंसेक्स 551.07 अंक गिरकर 65,877.02 पर बंद हुआ। निफ्टी 140.40 अंक लुढ़ककर 19,671.10 पर बंद हुआ। बाजार में गिरावट से बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों की पूंजी 2.41 लाख करोड़ घटकर 321.40 लाख करोड़ रुपये रह गई। सेंसेक्स की 30 में 27 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए। बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा 2.72 फीसदी नुकसान में रहा।
35 फीसदी तक घट सकता है हीरा उद्योग का राजस्व
नई दिल्ली। अमेरिका, यूरोपीय संघ और चीन से मांग कम होने से चालू वित्त वर्ष में तराशे हीरा उद्योग का राजस्व 30-35 फीसदी तक घटकर 14-15 अरब डॉलर रह सकता है। भारत तीनों देशों को 75 फीसदी तराशे हुए हीरे निर्यात करता है।
क्रिसिल के अनुसार, इस्राइल सालाना • भारत से 1.25 अरब डॉलर के तराशे हीरे खरीदता है। हमास युद्ध से यहां भी निर्यात घट सकता है। क्रिसमस व चीन के नए साल के कारण दूसरी छमाही से मांग थोड़ी सुधरी है। एजेंसी